घरघोड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ (Akvan) लगातार शक्तिशाली होता जा रहा है। इसके 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर की सुबह तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसके 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के तट से नेल्लोर तथा तुनी के बीच टकराने का पूर्वानुमान जताया है।
लैंडफॉल के दौरान 145 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, तूफान के तट से टकराने के दौरान अधिकतम निरंतर हवा की गति 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि हवा के झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। तूफान के प्रभाव से तटीय इलाकों में तेज हवाओं, भारी बारिश और समुद्र में ऊंची लहरों के कारण नुकसान की आशंका जताई गई है।
कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट
चक्रवात के प्रभाव से आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 18 और 19 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। ओडिशा में भी 19 से 22 नवंबर के बीच व्यापक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
तटीय इलाकों में प्रशासन अलर्ट
चक्रवात की आशंका को देखते हुए ओडिशा और आंध्र प्रदेश सहित प्रभावित राज्यों में प्रशासन को सतर्क किया गया है। संवेदनशील एवं निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा और संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। समुद्र में खराब मौसम और तेज हवाओं की चेतावनी को देखते हुए मछुआरों तथा तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
फिलहाल भारतीय मौसम विज्ञान विभाग तूफान की दिशा, गति और तीव्रता पर लगातार नजर बनाए हुए है। आने वाले दिनों में इसके संभावित प्रभाव और बारिश के दायरे को लेकर मौसम विभाग की ओर से नए अपडेट जारी किए जाएंगे।
स्रोत : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD)।
रिपोर्टर – सुनील जोल्हे



