छत्तीसगढ़ वैष्णव महासभा का रायपुर में ऐतिहासिक महासम्मेलन सम्पन्न..

79 वैष्णव युवक-युवतियों का हुआ परिचय सम्मेलन..
श्री रामरंग वैष्णव बने कार्यकारी अध्यक्ष, सविता दास प्रदेश उपमहासचिव..
कर्मठ जीतेन्द्र दास वैष्णव को मिली कोषाध्यक्ष की बड़ी ज़िम्मेदारी..
उमड़ा वैष्णव जनसैलाब, गूंजी सामाजिक एकता की हुंकार..
रायपुर : राजधानी रायपुर की पावन धरा पर छत्तीसगढ़ वैष्णव महासभा का प्रांतीय सम्मेलन सामाजिक जागृति, आत्मगौरव और अभूतपूर्व एकता का जीवंत साक्षी बना। पूरे प्रदेश के कोने-कोने से स्वजातीय बंधु इतनी प्रचंड संख्या में पहुंचे कि विशाल सभागार छोटा पड़ गया और तिल धरने की जगह नहीं बची।
चारों ओर केवल वैष्णव समाज की एकजुटता का उल्लास, असीम ऊर्जा और जयघोष गूंजता रहा।
इस महाकुंभ का सबसे प्रेरक और ऐतिहासिक क्षण वह रहा, जब समाज के प्रखर शिल्पी, कर्मठ पुरोधा एवं राष्ट्रीय महासचिव श्री लखन दास वैष्णव ने मंच संभाला। उनके ओजस्वी, दूरदर्शी और हृदयस्पर्शी उद्बोधन ने उपस्थित हर स्वजातीय बंधु के भीतर सोई हुई चेतना को झकझोर कर सामाजिक स्वाभिमान की अलख जगा दी। उन्होंने मंच से हुंकार भरते हुए कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी अटूट एकता, शिक्षा, युवाओं के मार्गदर्शन और निस्वार्थ सेवा भाव में निहित है; जब तक समाज का अंतिम व्यक्ति सशक्त नहीं होगा, तब तक संगठन का संकल्प अधूरा है।
श्री लखन दास वैष्णव के इस अद्वितीय समर्पण, पारदर्शी कार्यशैली, समाज के प्रति निःस्वार्थ निष्ठा और करिश्माई नेतृत्व से सम्मोहित होकर जनसैलाब में ऐसा अभूतपूर्व उत्साह उमड़ा कि सैकड़ों वैष्णव बंधुओं ने मंच पर ही महासभा की आजीवन सदस्यता ग्रहण कर इतिहास रच दिया।
सामाजिक सरोकार और वैवाहिक संबंधों को सुगम व पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से आयोजित युवक-युवती परिचय सम्मेलन में 79 प्रत्याशियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ मंच साझा किया, जिसकी समाज के प्रबुद्धजनों और पालकों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
मुख्य अतिथि के रूप में पधारे कैबिनेट मंत्री श्री खुशवंत सिंह साहेब ने वैष्णव समाज की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा, अनुशासन, सांस्कृतिक मूल्यों और श्री लखन दास जी के कुशल नेतृत्व की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए समस्त नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को इस सफल आयोजन हेतु शुभकामनाएं दीं।
सम्मेलन में सौहार्दपूर्ण वातावरण में प्रदेश, रायपुर महानगर और जिला कार्यकारिणी का ऐतिहासिक निर्वाचन भी संपन्न हुआ। संगठन को विस्तार और मजबूती देते हुए श्री रामरंग वैष्णव को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, भटगांव के श्री जीतेन्द्र वैष्णव को निर्विरोध प्रदेश कोषाध्यक्ष तथा भूतपूर्व एसडीओपी श्रीमती सविता दास को प्रदेश उप महासचिव का दायित्व सौंपा गया। वहीं रायपुर महानगर इकाई में श्री जनक दास वैष्णव (सुपुत्र श्री हिमाचल दास वैष्णव) को मंडलेश्वर (महानगर अध्यक्ष), डॉ. जागेश्वर वैष्णव को उप-मंडलेश्वर, श्री छबीलेस वैष्णव को नगर सचिव एवं श्री हलधर वैष्णव को कार्यालय सचिव मनोनीत किया गया। इसके साथ ही रायपुर जिला इकाई की कमान डॉ. तीरथ दास वैष्णव को जिलाध्यक्ष एवं श्री मनमोहन दास वैष्णव को जिला सचिव के रूप में सौंपी गई।
लखन दास वैष्णव ने अपने उदबोधन मे कहा आज छत्तीसगढ़ वैष्णव महासभा केवल एक संगठन नहीं, बल्कि हर वैष्णव जन के स्वाभिमान, हक, सम्मान और सामूहिक उत्थान का सबसे सशक्त और भरोसेमंद स्तम्भ बन चुकी है। यह अपनी जड़ों से जुड़ने, समाज के नवनिर्माण में अपनी आहुति देने और नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य को संवारने का महापर्व है। आइए, कदम से कदम मिलाइए, छत्तीसगढ़ वैष्णव महासभा की आजीवन सदस्यता ग्रहण कीजिए और अपने गौरवशाली समाज के इस ऐतिहासिक महाअभियान का गौरवशाली हिस्सा बनिए।





