जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के कोसीर थाना क्षेत्र में अंधे कत्ल का खुलासा: पुरानी रंजिश में युवक की हत्या करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, 1 अपचारी बालक अभिरक्षा में।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ / कोसीर -दिनांक: 12 नवंबर 2026 कोसीर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भांठागांव में रंजीता तालाब के पास हुई युवक संजय सुमन की सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में संलिप्त 2 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अपचारी बालक को भी अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और साक्ष्य मिटाने के लिए जलाए गए कपड़ों के अवशेष बरामद किए गए हैं।
क्या था पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सारंगढ़ से मर्ग डायरी प्राप्त होने पर थाना कोसीर में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। मृतक संजय सुमन के पिता रामप्रसाद सुमन ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र संजय घायल अवस्था में ग्राम भांठागांव स्थित रंजीता तालाब के पास मुख्य मार्ग के पास पड़ा हुआ था। उसके सीने, पेट, पसली और बाएं हाथ की कलाई पर धारदार हथियार से गहरे घाव थे। अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
जिला अस्पताल सारंगढ़ से प्राप्त शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मौत का कारण चाकू के वार से उत्पन्न ‘हेमरेज शॉक’ (Hemorrhagic Shock) और प्रकृति हत्यात्मक बताए जाने के बाद, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र कुमार पटेल और एसडीओपी श्री गोविन्द सिंह दीवान के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिरों को सक्रिय किया और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर साहिल सुमन, पंकज जोल्हे और एक अपचारी बालक से कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दिनांक 08.11.2026 की रात्रि करीब 09:00 से 10:00 बजे के बीच मृतक संजय सुमन अपने दोस्त के घर से साइकिल लेकर अपने घर लौट रहा था। पुरानी रंजिश के चलते आरोपी साहिल सुमन, पंकज जोल्हे और अपचारी बालक पहले से ही चाकू लेकर उसकी टोह में थे और स्कूटी से उसका पीछा कर रहे थे।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
तीनों ने हीरा हार्डवेयर के आगे संजय को घेर लिया। आरोपी साहिल सुमन ने स्कूटी रोककर अपनी कमर से चाकू निकाला और संजय के पेट व सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस दौरान वारदात को सहयोग करते हुए आरोपी पंकज जोल्हे ने मृतक के पैर पकड़ रखे थे और अपचारी बालक ने उसके हाथ पकड़कर रखे थे। इसी बीच मुख्य मार्ग पर वाहनों की लाइट चमकने पर आरोपी मौके से अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए। आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से घटना में प्रयुक्त चाकू को झाड़ियों में फेंक दिया और एक अन्य स्थान पर अपने खून से सने कपड़े जला दिए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बरामदगी
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर:
1. घटना में प्रयुक्त चाकू को आरोपी साहिल सुमन की निशानदेही पर बरामद कर लिया।
2. घटनास्थल के पास अजय खूटे के नवनिर्मित मकान के पीछे जलाए गए कपड़ों के अवशेष और राख को जप्त कर लिया।
प्रकरण में धारा 238 एवं 3(5) बीएनएस जोड़ी गई। पुलिस ने दिनांक 11.11.2026 को आरोपी साहिल सुमन और पंकज जोल्हे को विधिवत गिरफ्तार कर लिया, वहीं अपचारी बालक के विरुद्ध बाल कानून के तहत आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। दोनों वयस्क आरोपियों और अपचारी बालक को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई में प्रमुख भूमिका
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने और आरोपियों को धर दबोचने में थाना प्रभारी कोसीर निरीक्षक आर.एन. साय, पीएसआई नेहा चन्द्राकर, प्रधान आरक्षक भीम सेन सिदार, जयराम साहू, छत्रपति जोल्हे, तथा आरक्षक धनसाय कुर्रे, विकास पटेल, सुरेश बर्मन, उमेश जांगड़े समेत कोसीर थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।




