
घरघोड़ा/रायगढ़। एनएमएल तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना में श्री अरुण कुमार सक्सेना ने नए परियोजना प्रमुख के रूप में कार्यभार ग्रहण किया है। एनटीपीसी में तीन दशक से अधिक के अपने दीर्घ अनुभव के साथ उन्होंने परियोजना की कमान संभाली है।
श्री सक्सेना ने वर्ष 1993 में एनटीपीसी से अपने व्यावसायिक करियर की शुरुआत की। पदभार ग्रहण करने से पूर्व वे झारखंड स्थित केरंडारी कोयला खनन परियोजना में परियोजना प्रमुख के दायित्व का निर्वहन कर रहे थे। अवध विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश से विद्युत अभियंत्रण में स्नातक श्री सक्सेना ने कोरबा, ऊंचाहार, सीसी-ओएस, बादम एवं केरंडारी सहित एनटीपीसी तथा एनएमएल की विभिन्न परियोजनाओं में अपनी सेवाएं दी हैं।
संचालन, ईंधन प्रबंधन और ऑपरेशन सर्विसेज उनके प्रमुख विशेषज्ञता क्षेत्र रहे हैं। व्यापक परियोजना अनुभव और तकनीकी दक्षता के साथ उन्होंने तलईपल्ली परियोजना का नेतृत्व संभाला है।
तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना की अधिकतम उत्पादन क्षमता 2.5 करोड़ मीट्रिक टन प्रतिवर्ष है। नए परियोजना प्रमुख के नेतृत्व में परियोजना में उत्पादन एवं कोयला प्रेषण को और सुदृढ़ करने के साथ सुरक्षा, परिचालन दक्षता तथा सतत विकास के उच्च मानकों को बनाए रखने पर विशेष जोर दिए जाने की उम्मीद है।
रिपोर्टर – सुनील जोल्हे



