सारंगढ़: 25 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

सारंगढ़ (बिलाईगढ़)। जिले में अवैध शराब, जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली सारंगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम चंदाई निवासी एक शराब विक्रेता को 25 लीटर कच्ची देशी महुआ शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के निर्देशों पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय एवं एसडीओपी श्री गोविंद दीवान के मार्गदर्शन में अवैध कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में 09 अगस्त 2026 को गश्त के दौरान थाना प्रभारी प्रमोद यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चंदाई निवासी टुकेश्वर कुर्रे, ग्राम दुर्गापाली से अवैध महुआ शराब लेकर पैदल आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुर्गापाली और चंदाई के बीच नहर पार के पास घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को धर दबोचा।
5,000 रुपये की शराब जब्त
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम टुकेश्वर कुर्रे (पिता रामप्रसाद), निवासी ग्राम चंदाई, थाना सारंगढ़ बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद प्लास्टिक की बोरी में सफेद पन्नी के अंदर 25 लीटर अवैध कच्ची देशी महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5,000 रुपये बताई जा रही है।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने जब्त शराब को गवाहों के समक्ष सील कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है।
इस पूरी सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी सारंगढ़ प्रमोद यादव, पीएसआई चंचल, प्रधान आरक्षक अर्जुन पटेल, आरक्षक संजय भारद्वाज, विमल जांगड़े एवं समस्त थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।




