Uncategorized

जयस्तंभ चौक चोरीकांड का खुलासा: 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी गिरफ्तार

नागपुर से भागते हुए राजनांदगांव के चिचोला में दबोचा गया आरोपी, 6.30 लाख रुपये से अधिक की चोरी की संपत्ति बरामद

रायगढ़, 10 सितंबर 2026। घरघोड़ा के जयस्तंभ चौक स्थित दो किराना दुकानों में हुई सिलसिलेवार चोरी का रायगढ़ पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में ग्राम बरपाली नवाडीह निवासी 32 वर्षीय सतीष चौहान को राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और उसके मेमोरंडम के आधार पर 2,64,146 रुपये नगद, 1 किलो 508 ग्राम चांदी तथा सैमसंग मोबाइल सहित कुल 6,30,286 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 23-24 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात तेज बारिश का फायदा उठाते हुए जयस्तंभ चौक की दो किराना दुकानों को निशाना बनाया था। टीन शीट और फॉल सीलिंग तोड़कर दुकानों में दाखिल हुए आरोपी ने दोनों दुकानों से लाखों रुपये की नगदी, चांदी के सिक्के, चांदी का बिस्किट और किराना सामान चोरी किया था।

100 से अधिक CCTV फुटेज से मिला सुराग

घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने जांच तेज की। एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी और साइबर डीएसपी शिखर मरावी के मार्गदर्शन में थाना घरघोड़ा और साइबर टीम ने घटनास्थल व आसपास लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले।

फुटेज में नजर आए संदिग्ध के हुलिए के आधार पर उसकी पहचान ग्राम बरपाली नवाडीह निवासी सतीष चौहान के रूप में हुई। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वह फरार मिला। इसके बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार निगरानी शुरू की।

चोरी के पैसों से खरीदा मोबाइल, घूमने-फिरने में भी खर्च की रकम

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने चोरी की रकम से लैलूंगा स्थित तमन्ना मोबाइल दुकान से 19,300 रुपये में सैमसंग का A-07 मॉडल मोबाइल खरीदा था। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की रकम में से करीब 25 हजार रुपये घूमने-फिरने और खाने-पीने में खर्च करने की बात भी बताई।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दोनों दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया। उसके मुताबिक वह दोनों दुकानों में अक्सर सामान खरीदने जाता था और दुकानों की व्यवस्था से परिचित था। घटना की रात तेज बारिश के दौरान उसने पहले संतोष किराना दुकान की छत पर लगी टीन शीट के किनारे से फॉल सीलिंग तोड़ी और अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद बगल की गोकुलचंद मामराज किराना दुकान में भी इसी तरीके से प्रवेश कर चोरी की।

नागपुर से भागा, चिचोला में पुलिस ने घेरा

घटना के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। तकनीकी निगरानी में उसकी लोकेशन नागपुर में मिलने पर रायगढ़ पुलिस की टीम तत्काल वहां रवाना हुई। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगने पर आरोपी नागपुर से भी निकलकर दूसरे स्थान की ओर भागने लगा।

पुलिस टीम ने उसका पीछा जारी रखा और अंततः राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

6.30 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद

पुलिस ने आरोपी के मेमोरंडम के आधार पर दोनों मामलों में—

  • 2,64,146 रुपये नगद
  • 1 किलो 508 ग्राम चांदी, अनुमानित कीमत 3,46,840 रुपये
  • सैमसंग कंपनी का एंड्रॉएड मोबाइल
  • सफेद-संतरा रंग का चेकदार गमछा

बरामद किया है। बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 6,30,286 रुपये बताई गई है।

आरोपी सतीष चौहान पिता स्व. नान्हूराम चौहान, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम बरपाली नवाडीह, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ को दोनों प्रकरणों में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शुभम मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक डेविड टोप्पो, आरक्षक हरीश पटेल, उधो राम पटेल, जगमोहन लाल ओग्रे, साइबर थाना के प्रधान आरक्षक बृजलाल गुर्जर तथा आरक्षक प्रशांत पंडा, पुष्पेंद्र जाटवर, नवीन शुक्ला और रविन्द्र गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय युवक कालिया गुप्ता और जनेश्वर कुर्रे का भी विशेष योगदान रहा।

एसएसपी ने टीम की तत्परता को सराहा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध के बाद आरोपी कितना भी दूर भागे, तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयासों के जरिए उसे कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि घरघोड़ा चोरीकांड में पुलिस टीम ने 100 से अधिक CCTV फुटेज की जांच कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की और नागपुर से राजनांदगांव तक उसका पीछा करते हुए गिरफ्तार किया। इसी समन्वित कार्रवाई से चोरी की गई संपत्ति की भी बरामदगी संभव हुई।

रिपोर्टर — सुनील जोल्हे

BREAKING
सांसद निधि के ₹91.73 लाख की धोखाधड़ी, ठेकेदार ‘महावीर ट्रेडर्स’ के संचालक पर FIR दर्ज। छत्तीसगढ़ वैष्णव महासभा का रायपुर में ऐतिहासिक महासम्मेलन सम्पन्न.. पत्रकार जगन्नाथ बैरागी ने वृद्धाश्रम में मनाया जन्मदिन.. निर्माण कार्य पूर्ण, फिर भी भुगतान के लिए भटक रहीं ग्राम पंचायतें। नवरात्रि शक्ति, साहस और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक: राहुल भारद्वाज बिलाईगढ़ विधानसभा में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक संपन्न, 2028 चुनाव में जीत का संकल्प राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता कार्यक्रम विशेष शिविर का आयोजन भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का सारंगढ़ विधानसभा स्तरीय बैठक संपन्न,प्रदेश अध्यक्ष डॉ सनम जांगड़े रहे ... पुराने बिल,नई निकासी, तिलाईदादर में 15वें वित्त की राशि पुराने बिलों के सहारे आहरण! कारगिल विजय दिवस पोस्टर मेकिंग व ड्रॉइंग प्रतियोगिता: टि्वंकल चौहान ने लहराया परचम, जीता प्रथम पुरस्...