सेवा संकल्प अभियान: ग्राम पंचायत कोतरी में ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 पर हुआ संवाद।

जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल की उपस्थिति में ग्रामीणों को स्वच्छता का दिया गया संदेश
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन कर गांवों को स्वच्छ और सुंदर बनाने का आह्वान
सारंगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन के तत्वावधान में ग्राम पंचायत कोतरी में ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026’ विषय पर एक विशेष जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित कर उपस्थित आमजनों और ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सारंगढ़ के अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय उपस्थित रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री ज्योति पटेल, प्रदेश महामंत्री अजा मोर्चा श्री हरिनाथ खुटे, वरिष्ठ नेता श्री जगन्नाथ केशरवानी, श्री भुवन मिश्रा, जिला प्रवक्ता प्रकाश अग्रवाल, प्रकोष्ठ संयोजक श्री मनोज मिश्रा, BJYM जिलाध्यक्ष हितेश अजगल्ले, अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष देवेंद्र रात्रे, मंडल अध्यक्ष रामेश्वर पुरी तथा स्थानीय सरपंच श्रीमती मथुरा गोस्वामी मंचस्थ रहे।
गीला और सूखा कचरा अलग करने का दिया संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि श्री संजय भूषण पांडेय ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों में ही गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखें, ताकि गांव को पूर्ण रूप से स्वच्छ और प्लास्टिक-मुक्त बनाया जा सके।
जन-भागीदारी से ही सफल होगा अभियान
जिलाध्यक्ष श्री ज्योति पटेल एवं अन्य अतिथियों ने भी अपने संबोधन में कहा कि जब तक प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी नहीं समझेगा, तब तक स्वच्छता का लक्ष्य अधूरा रहेगा। ग्रामीणों से अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने और स्वच्छता दूत बनकर दूसरों को भी प्रेरित करने का आग्रह किया गया।
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे ग्रामीण
इस अवसर पर BJYM जिला महामंत्री टिक्की ठाकुर, सतीश शर्मा सहित ग्राम पंचायत कोतरी के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।








