पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर 1 दिसंबर से दिल्ली में अनिश्चितकालीन धरना

रायपुर/बिलासपुर। अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति (छत्तीसगढ़) की ऑनलाइन बैठक में 1 दिसंबर से नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ प्रदेश कार्यकारिणी, जिलाध्यक्षों और सक्रिय सदस्यों ने भाग लिया।
राष्ट्रीय समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों राकेश प्रताप सिंह परिहार और महफूज खान ने बताया कि पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर देश के विभिन्न राज्यों में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। संगठन के अनुसार, 1 दिसंबर को देशभर से पत्रकार दिल्ली पहुंचकर केंद्र सरकार से संपूर्ण भारत में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग करेंगे।
बैठक में छत्तीसगढ़ से अधिक से अधिक पत्रकारों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों ने अपनी योजनाएं साझा कीं। इस दौरान आगामी दिनों में जिला स्तर पर बैठकें आयोजित कर पत्रकारों को दिल्ली आंदोलन से जोड़ने का निर्णय लिया गया।
संगठन का कहना है कि पत्रकार सुरक्षा कानून लागू होने से पत्रकारों को निर्भीक एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी।
बैठक में राकेश प्रताप सिंह परिहार, महफूज खान, गोविंद शर्मा, राकेश तंबोली, क्रांति रावत, नरेंद्र चौबे, राजेश सोनी, नरेश चौहान, गुड्डू फारूकी, नारायण बाइन, नेहरू देवांगन, रामकृष्ण पाठक, उमा यादव, सुरजीत सिंह रैना, कुसुम, गुरचरण और नीरज विश्वास सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।
रिपोर्टर – सुनील जोल्हे




