सलिहा पुलिस की बड़ी कामयाबी: खनिज विभाग द्वारा सील की गई 15 लाख की JCB चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, ट्रेलर जब्त।

सारंगढ़ बिलाईगढ़ – सलिहा।/ थाना सलिहा पुलिस को चोरी के एक बड़े मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने खनिज विभाग द्वारा अवैध उत्खनन मामले में सील कर सुपुर्दगी में रखी गई 15 लाख रुपये की चैन माउंटेन मशीन (JCB) को बरामद कर लिया है। मामले में चोरी के लिए इस्तेमाल किए गए ट्रेलर को जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडे एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री विजय ठाकुर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी पुरेंद्र मल्होत्रा के नेतृत्व में की गई।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम पंचायत सोनपुर की सचिव विमला साहू ने 21 जून 2026 को थाना सलिहा में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 12 जून को जोक नदी में अवैध रेत उत्खनन में लिप्त पाए जाने पर खनिज विभाग जिला बलौदाबाजार द्वारा एक पुरानी चैन माउंटेन मशीन (JCB कंपनी, मॉडल JS 205, कीमत करीब 15 लाख रुपये) को सोनपुर नदी किनारे सील ताला लगाकर सुपुर्द किया गया था।
दिनांक 13 जून की शाम से 14 जून की सुबह के बीच कोई अज्ञात चोर इस भारी-भरकम मशीन को चोरी कर ले गया था। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 36/26, धारा 303 (2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज और फर्जी नंबर प्लेट से खुला राज
विवेचना के दौरान सलिहा पुलिस ने बया, पिथौरा और ढाक टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक ट्रेलर (क्रमांक CG-04 JC-7313) पर जेसीबी लदी हुई दिखाई दी। आगे आरंग टोल प्लाजा के फुटेज में यह वाहन नहीं दिखने पर पुलिस ने आसपास बारीकी से तफ्तीश की, जिससे पता चला कि वाहन तुमगांव की तरफ गया है।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तुमगांव ओवरब्रिज के पास से ट्रेलर और उसके चालक घनश्याम ध्रुव को हिरासत में लिया।
22 हजार के लालच में दिया वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपी चालक घनश्याम ध्रुव ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह बलराम कांत साहू का ट्रेलर चलाता है। 13 जून की रात करीब 11:30 बजे ग्राम मोखला निवासी ईशान चंद्राकर ने तुमगांव ओवरब्रिज के पास आकर उससे संपर्क किया। ईशान ने पिथौरा के आगे सोनपुर से एक चैन वाली जेसीबी मशीन लाने की बात कही और 22 हजार रुपये किराया तय किया।
ज्यादा पैसे के लालच में आकर चालक घनश्याम ने अपने मालिक को बिना बताए, असली ट्रेलर नंबर CG-04JA-4946 के ऊपर फर्जी नंबर प्लेट CG-04JC-7313 लगा दी। इसके बाद वह ईशान चंद्राकर और एक अन्य व्यक्ति के साथ ग्राम रिकोकला पहुंचा, जहां ईशान के ड्राइवर ने जेसीबी को ट्रेलर पर लोड किया। इस चोरी की जेसीबी को लाकर ग्राम मुढेना (चौकी घोराड़ी, थाना महासमुंद) में छिपा दिया गया था।
आरोपी भेजा गया जेल, मुख्य सूत्रधार की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी चालक की निशानदेही पर चोरी गई जेसीबी मशीन और वारदात में इस्तेमाल ट्रेलर को जब्त कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी घनश्याम ध्रुव को 28 जून 2026 की रात गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले के अन्य आरोपियों (ईशान चंद्राकर व साथी) की तलाश की जा रही है।
टीम की भूमिका: इस पूरी कार्रवाई और अंधे कत्ल जैसी इस बड़ी चोरी का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी पुरेंद्र मल्होत्रा, सउनि देवनारायण साहू, प्रधान आरक्षक निशांत कुमार दुबे, आरक्षक राजेश नारंग, चंद्रप्रकाश भारद्वाज, रामकुमार पटेल एवं समस्त थाना स्टाफ सलिहा का विशेष और सराहनीय योगदान रहा।





