पत्रकार सुरक्षा कानून पूरी तरह लागू करने की मांग, श्रमजीवी पत्रकार संघ ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन।

सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के तत्वावधान में पत्रकारों की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी, प्रदेश महासचिव विश्व दीपक राई, प्रदेश उपाध्यक्ष अब्बास अली सैफी और मनोज मिश्रा के दिशा-निर्देशन में जिला अध्यक्ष गोल्डी नायक एवं ब्लॉक अध्यक्ष गोपेश रंजन द्विवेदी की अगुवाई में पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश में ‘पत्रकार सुरक्षा कानून’ को अति शीघ्र और पूर्ण रूप से लागू करने की बलवती मांग की गई है।
बजट में प्रकाशन के बाद भी अमल का इंतजार
सौंपे गए ज्ञापन में पत्रकारों ने रोष और चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा से पारित होने और बजट में प्रकाशित होने के बावजूद यह कानून अब तक पूरी तरह से अमल में नहीं आ सका है। इसके पूर्ण रूप से लागू न होने के कारण आज भी मैदानी स्तर पर काम करने वाले पत्रकार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
बढ़ रहे हैं दुर्भावनापूर्ण मामले और सीधे FIR
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में संघ ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकार शासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का काम करते हैं। नवगठित जिले सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पत्रकार विपरीत और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच निष्पक्ष पत्रकारिता कर रहे हैं।
“हाल के दिनों में जनहित की खबरें उजागर करने पर पत्रकारों के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण शिकायतें बढ़ी हैं। बिना किसी निष्पक्ष जांच के सीधे थानों में एफआईआर (FIR) दर्ज की जा रही है, जिससे पत्रकारों को डराने और प्रताड़ित करने का माहौल बन रहा है। इस पर तुरंत रोक लगनी चाहिए।”
श्रमजीवी पत्रकार संघ
कानून पूरी तरह लागू होने से होंगे ये मुख्य फायदे:
झूठी शिकायतों पर रोक: बिना उच्च स्तरीय जांच के पत्रकारों पर होने वाली दुर्भावनापूर्ण कानूनी कार्रवाई और फर्जी मुकदमों पर लगाम लगेगी।
निर्भीक पत्रकारिता:पत्रकार बिना किसी भय, राजनीतिक दबाव या माफियाओं की धमकी के निष्पक्ष होकर सच सामने ला सकेंगे।
कानूनी संरक्षण:फील्ड में काम करने वाले छोटे-बड़े सभी पत्रकारों को शासन की ओर से एक मजबूत सुरक्षा कवच प्राप्त होगा।
अभिव्यक्ति की आजादी: स्वतंत्र पत्रकारिता को बल मिलेगा, जिससे लोकतंत्र के इस चौथे स्तंभ की गरिमा और साख अक्षुण्ण रहेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान रहे उपस्थित
श्रमजीवी पत्रकार संघ और जिले के समस्त मीडिया कर्मियों ने मुख्यमंत्री से पुरजोर अनुरोध किया है कि पत्रकारों के व्यापक हित और उनकी सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए इस कानून को तत्काल प्रभाव से पूरे प्रदेश में कड़ाई से लागू किया जाए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार व प्रदेश उपाध्यक्ष अब्बास अली सैफी, ब्लॉक अध्यक्ष गोपेश रंजन द्विवेदी, राजमणि, राजा खान, केजार अली, सुभाष जायसवाल सहित भारी संख्या में पत्रकार साथी और संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।





