रायपुर में 4 अक्टूबर को वैष्णव समाज का प्रांतीय कार्यकर्ता व युवक- युवती परिचय सम्मेलन…

रायपुर। छत्तीसगढ़ वैष्णव महासभा के तत्वावधान में आगामी 4 अक्टूबर 2026 रविवार को प्रांतीय कार्यकर्ता सम्मेलन तथा युवक-युवती परिचय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित सिन्दू सदन (बी.टी.आई. ग्राउण्ड के सामने) में सुबह 11:00 बजे से आयोजित होगा।
इस एक दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य संगठन का विस्तार और समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए एक सुलभ मंच प्रदान करना है।
कार्यक्रम के दौरान रायपुर जिला कमेटी, ब्लॉक व महानगर कमेटी के साथ-साथ महिला एवं युवा प्रकोष्ठ की नवीन कार्यकारिणी का गठन व निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा।
साथ ही समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय सत्र आयोजित किया गया है, जिसके लिए महासभा ने अभिभावकों से अपने बच्चों सहित सपरिवार उपस्थित होने की अपील की है।
कार्यक्रम में प्रांतीय महिला अध्यक्ष श्रीमती लतारानी वैष्णव (लोरमी), मुख्य अतिथि श्रीमती सविता दास वैष्णव रायपुर)और विशिष्ट अतिथि श्रीमती कविता वैष्णव कुम्हारी, मधु किशोरी वैष्णव,रेखा वैष्णव रायगढ़ सहित विभिन्न अंचलों से प्रमुख महिला प्रतिनिधि भाग लेंगी।
वहीं पुरुष वर्ग में विशेष अतिथियों के रूप में श्री पूरणदास वैष्णव, प्रांतीय अध्यक्ष भरतदास वैष्णव अधिवक्ता, भिलाई, अशोक वैष्णव, जानकीदास वैष्णव, कामेश्वर वैष्णव उप महासचिव,प्रांतीय उपाध्यक्ष लखनदास वैष्णव, प्रदेश संगठन सचिव लक्ष्मीनारायण बसना, प्रांतीय युवा अध्यक्ष विश्वन्नाथ बैरागी, महासचिव तरुण वैष्णव, समेत प्रदेश भर के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।
आयोजन समिति के अनुसार, यह पूरा कार्यक्रम राष्ट्रीय महासचिव लखनदास वैष्णव एवं प्रांतीय पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। आरंग, अभनपुर, मंदिर हसौद, धरसींवा, कुम्हारी तथा रायपुर महानगर के सामाजिक बंधुओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर सभी आगंतुकों के लिए भोजन की भी समुचित व्यवस्था रखी गई है।




