Uncategorized

15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, रायगढ़ के 112 केंद्रों में तैयारी तेज

अवैध धान परिवहन और बिचौलियों पर प्रशासन की रहेगी पैनी नजर, 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर 24 घंटे निगरानी

रायगढ़, 30 अक्टूबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत रायगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। इसके लिए जिले के 112 धान उपार्जन केंद्रों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के साथ ही किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा कोचियों-बिचौलियों और अवैध धान परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक निगरानी व्यवस्था बनाई है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को कलेक्टोरेट स्थित सृजन सभाकक्ष में अधिकारियों एवं कर्मचारियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि वास्तविक पंजीकृत किसानों से निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप ही धान खरीदा जाए और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखी जाए। जिले में लगभग 84 हजार 103 पंजीकृत किसानों से पंजीकृत रकबे के आधार पर धान की खरीदी होगी।

20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर 24 घंटे निगरानी

सीमावर्ती राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर समर्थन मूल्य पर बेचने की कोशिशों को रोकने के लिए जिले में 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। यहां तीन पालियों में चार टीमों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। राजस्व, खाद्य, मंडी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले वाहनों और धान की जांच करेंगे। इसके अलावा जिला स्तरीय निगरानी समिति तथा जिले की सभी 10 तहसीलों में उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं, जिन्हें अवैध धान के परिवहन, भंडारण और बिचौलियों की गतिविधियों पर कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

खरीदी केंद्रों में सीसीटीवी, हेल्पडेस्क और किसानों के लिए सुविधाएं अनिवार्य

कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं केंद्र स्तरीय नोडल अधिकारियों को खरीदी प्रारंभ होने से पहले उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रत्येक केंद्र में हेल्पडेस्क, सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर कक्ष, पर्याप्त बारदाने, तिरपाल, हमालों की व्यवस्था तथा धान के सुरक्षित भंडारण के इंतजाम किए जाएंगे। किसानों के बैठने, छांव और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

केंद्रों के प्रवेश एवं निकास द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। साथ ही उनकी नियमित जांच और कम से कम 30 दिनों का बैकअप सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

गुणवत्ता जांच के बाद ही होगी खरीदी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों से साफ-सुथरा, पर्याप्त सूखा और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप धान ही खरीदा जाएगा। तौल इलेक्ट्रॉनिक कांटों से होगी तथा नमी की जांच के लिए आर्द्रतामापी यंत्र उपलब्ध रहेंगे। धान के सुरक्षित भंडारण और समय पर उठाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक शनिवार को धान के स्टेक और बारदानों का सत्यापन होगा। इसके अलावा खरीदी अवधि में प्रत्येक केंद्र का कम से कम दो बार भौतिक सत्यापन किया जाएगा।

‘तुंहर टोकन’ एप से घर बैठे मिलेगा टोकन

किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष भी ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन जारी किए जाएंगे। किसान 24 घंटे एप के जरिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। एप से सुबह 8 बजे और सोसायटी स्तर पर सुबह 9:30 बजे से टोकन जारी करने की व्यवस्था रहेगी। इससे किसानों को टोकन के लिए समितियों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

पात्र किसानों का पंजीयन समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसानों के पंजीयन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कोई भी पात्र किसान समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित न रहे। संस्थागत पंजीयन, भूमिहीन किसान, डुबान क्षेत्र, वन अधिकार पट्टाधारी एवं ग्राम कोटवार वर्ग के किसानों के लिए शासन के प्रावधानों के अनुसार पंजीयन संबंधी छूट भी लागू रहेगी।

प्रशिक्षण में जिला खाद्य अधिकारी श्री चितरंजन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक, कृषि विकास अधिकारी, मंडी सचिव और उपार्जन केंद्रों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – सुनील जोल्हे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BREAKING
गीता ट्रेडर्स के कैंसिल जीएसटी बिल पर 15वें वित्त आयोग की राशि हुआ आहरण। 15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, रायगढ़ के 112 केंद्रों में तैयारी तेज सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में फर्जी बिलों का मायाजाल 'निलेश ट्रेडर्स' पर GST विभाग की टेढ़ी नजर,शिकायत प... 29 अक्टूबर को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में रहेगा अवकाश। छर्राटांगर में खेलों का महासंग्राम, 515 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम; रायगढ़ को दो स्वर्ण अपर कलेक्टर श्री दशरथ सिंह राजपूत ने संभाला सारंगढ़ एसडीएम का कार्यभार राजनांदगांव में स्व. कमला वैष्णव की द्वितीय पुण्यतिथि सम्पन्न... छत्तीसगढ़ खाद्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: खाद्य अधिकारियों और सहायक खाद्य अधिकारियों के तबादल... मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय बिलाईगढ़ के ऐतिहासिक राजशाही दशहरा उत्सव में हुए शामिल, क्षेत्र के वि... भाजपा कार्यालय चंदाई में नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष निखिल बानी का हुआ स्वागत, नगर पालिका चुनाव जीतने का ...